देश

बाराबंकी: मुख्तार अंसारी के शार्प शूटर शोएब बॉबी की दिनदहाड़े हत्या, कार पर बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां

बाराबंकी। जनपद में शुक्रवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई जब माफिया मुख्तार अंसारी के करीबी और कुख्यात शूटर शोएब किदवई उर्फ बॉबी की सरेराह गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। वारदात लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर कोतवाली क्षेत्र के असेनी मोड़ के पास हुई। हमलावरों ने इस दुस्साहसिक हत्याकांड को उस समय अंजाम दिया जब बॉबी अपनी कार से लखनऊ से बाराबंकी की ओर जा रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, जैसे ही बॉबी की कार हाईवे से महज 100 मीटर आगे बढ़ी, दो बाइकों पर सवार नकाबपोश बदमाशों ने उसे घेर लिया। हमलावरों ने बिना मौका दिए कार पर पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने 25 से अधिक राउंड गोलियां चलाईं, जिससे कार पूरी तरह छलनी हो गई और बॉबी लहूलुहान होकर सीट पर ही गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेजी से अयोध्या की तरफ फरार हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए आईजी प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके को सील कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। शोएब बॉबी का आपराधिक इतिहास काफी पुराना रहा है। वह चर्चित जेलर रमाकांत तिवारी हत्याकांड के बाद सुर्खियों में आया था, जिसमें मुख्तार अंसारी और अभय सिंह जैसे नाम शामिल थे। पुलिस सूत्रों का मानना है कि मुख्तार अंसारी की मौत के बाद गैंग के भीतर शुरू हुई वर्चस्व की जंग या पुरानी आपसी रंजिश इस हत्याकांड की मुख्य वजह हो सकती है।

मृतक शोएब तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसका बड़ा भाई बाराबंकी में वकील है, जबकि छोटा भाई इंग्लैंड में रहता है। बॉबी पर हत्या, रंगदारी और गैंगवार से जुड़े दर्जनों मामले दर्ज थे। पुलिस फिलहाल हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की धरपकड़ के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button