पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात: नाला निर्माण कार्य हेतु ₹37 करोड़ की स्वीकृति

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025–26 में राज्य सेक्टर कार्यक्रम के अंतर्गत सीवरेज एवं जल निकासी योजना के तहत मुजफ्फरनगर में जेल गेट से गांधी कॉलोनी, पचेण्डा रोड होते हुए बाईपास तक नाला निर्माण कार्य के लिए कुल ₹37 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने हेतु ₹5 करोड़ की धनराशि प्रथम किस्त के रूप में अवमुक्त कर दी गई है।
यह परियोजना विधानसभा क्षेत्र पुरकाजी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं दूरगामी लाभ देने वाली है। संबंधित मार्ग शहर का प्रमुख और अत्यधिक व्यस्त मार्ग है, जहां लंबे समय से जलभराव और यातायात जाम की समस्या आमजन के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी।
नाला निर्माण कार्य के पूर्ण होने के बाद जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित होगा। साथ ही यह मार्ग अधिक चौड़ा, सुगम एवं सुरक्षित बनेगा, जिससे यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी और नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी परियोजना की स्वीकृति के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया।




