देश

कानपुर में लग्जरी लैंबोर्गिनी का कहर, हादसे के बाद फिर चर्चा में आए दिग्गज तंबाकू कारोबारी

 

कानपुर। शहर के ग्वालटोली थाना क्षेत्र में रविवार को एक तेज रफ्तार लैंबोर्गिनी कार ने राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहाँ उनका उपचार जारी है। पुलिस ने इस मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया है और कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

इस घटना ने एक बार फिर बंशीधर श्रीराम फर्म के मालिक और दिग्गज तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा और उनके बेटे शिवम मिश्रा को सुर्खियों में ला दिया है। यह वही परिवार है जो साल 2024 में आयकर विभाग की बड़ी छापेमारी के कारण देशभर में चर्चा का विषय बना था। उस समय विभाग ने कानपुर, दिल्ली और गुजरात स्थित इनके ठिकानों पर पांच दिनों तक कार्रवाई की थी जिसमें करोड़ों रुपये की अघोषित संपत्ति और लग्जरी कारों के बड़े बेड़े का खुलासा हुआ था। आयकर की कार्रवाई के दौरान 80 करोड़ की अघोषित आय के साथ-साथ रोल्स रॉयस फैंटम, मैक्लारेन और फरारी जैसी लगभग 70 करोड़ रुपये की गाड़ियां और साढ़े बारह करोड़ की कीमती घड़ियां बरामद की गई थीं।

ताजा हादसे के संबंध में पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रकरण की सघन विवेचना प्रचलित है और जांच के दौरान जो भी नए तथ्य प्रकाश में आएंगे उनके आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

मामला हाईप्रोफाइल होने के कारण पुलिस काफी सतर्कता बरत रही है। शहर में चर्चा है कि दुर्घटना में शामिल लग्जरी गाड़ियां दिल्ली के नंबरों पर पंजीकृत हैं। फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसे के वक्त कार कौन चला रहा था। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून सबके लिए समान है और जांच में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button