मुजफ्फरनगर में कलेक्ट्रेट पर विकास त्यागी के समर्थन में धरना, 25 फरवरी को भाजपा कार्यालय पर हवन का ऐलान

मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय त्यागी भूमिहार ब्राह्मण समाज समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी के नेतृत्व में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में 15 वर्षों से संविदा कर्मचारी विकास कुमार त्यागी की संविदा समाप्त करने के विरोध में कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया गया। इससे पहले भी विकास त्यागी और मांगेराम त्यागी ने मीडिया सेंटर में प्रेस वार्ता कर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार पर गंभीर आरोप लगाए थे।

मांगेराम त्यागी ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो 25 फरवरी को भारतीय जनता पार्टी के जिला मुख्यालय पर बड़ी संख्या में पहुंचकर हवन यज्ञ किया जाएगा।

मीडिया को जानकारी देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार अपने कर्मचारियों का उत्पीड़न करते हैं और गलत काम करने वालों की रेट लिस्ट जारी की हुई है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी एक कर्मचारी कार्यालय में ही धरने पर बैठ गए थे, जिसके बाद बुढ़ाना के पूर्व विधायक उमेश मलिक और बीएसए के बीच हॉट-टॉक का वीडियो वायरल हुआ था। अब बीएसए के निशाने पर विकास त्यागी हैं।
मांगेराम त्यागी ने मांग की है कि संविदा कर्मचारी विकास त्यागी को जल्द से जल्द नौकरी पर बहाल किया जाए और उन पर लगाए गए सभी आरोप वापस लिए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार को उत्तर प्रदेश सरकार में ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जिले में अधिकारियों का यही रवैया रहा तो मुजफ्फरनगर में मंत्री की स्थिति भी प्रभावित हो सकती है।



