नोएडा: सेक्टर-142 में निर्माणाधीन बिल्डिंग में हादसा, शटरिंग गिरने से दो मजदूरों की मौत, पुलिस ने पुष्टि की

नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में रविवार को एक दर्दनाक घटना में दो मजदूरों की मौत हो गई। ये मजदूर एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम कर रहे थे। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुपरवाइजर और ठेकेदार को हिरासत में ले लिया है। सेंट्रल नोएडा के डीसीपी शक्ति अवस्थी ने पूरी घटना की पुष्टि की। जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन बिल्डिंग साइट पर शटरिंग अचानक भरभरा कर गिर गई। इसमें साइट पर काम कर रहे तीन मजदूर दब गए। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गई। अफरातफरी में पुलिस को हादसे की सूचना दी गई और साथ ही घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। डीसीपी सेंट्रल, शक्ति अवस्थी ने बताया कि यह घटना नोएडा के सेक्टर-142 में हुई। मजदूर एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में शटरिंग लगाने का काम कर रहे थे। इसी तरह सेंटरिंग गिरने से तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए। बाद में अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हालांकि, अभी मृतकों की पहचान सामने नहीं आई है। पुलिस अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि यहां कोई मकान नहीं गिरा है। उन्होंने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की बात कही। डीसीपी शक्ति अवस्थी ने आगे बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए लापरवाही बरतने के आरोप में सुपरवाइजर और ठेकेदार को हिरासत कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीमें फिलहाल आगे की कार्रवाई में जुटी हुई हैं और शवों की शिनाख्त के बाद उन्हें उनके परिवारों को सौंपा जाएगा।




