हरदोई में बेकाबू डंपर ने रौंदा, CTET परीक्षा जा रहे भाई-बहन और मौसी की दर्दनाक मौत

हरदोई। शनिवार की सुबह सीटेट परीक्षा देने जा रहे फतियापुर गांव निवासी मधु अवस्थी (23), उनके छोटे भाई आदर्श अवस्थी (20) और मौसी कामिनी पांडेय (40) की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। तीनों एक ही बाइक (UP 30 CA 5328) से हरदोई शहर की ओर जा रहे थे।

घटना सुबह 8:15 बजे ढोलिया चौराहा के पास हुई, जब सामने से आ रहे डंपर (UP 30 CT 6385) ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक लगभग 5 मीटर तक घिसटती हुई सड़क किनारे पटरी से जा टकराई।

हेलमेट पहने होने के बावजूद आदर्श के सिर में गंभीर चोट आई और उसका सिर फट गया। मधु और कामिनी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सड़क पर दूर-दूर गिरे तीनों की कई हड्डियां टूट गई थीं। थोड़ी देर में ही तीनों की मौत हो गई।
राहगीरों ने डंपर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर सुरसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। दुर्घटनाग्रस्त डंपर को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
मृतक आदर्श के पिता अरविंद अवस्थी ने बताया कि परिवार खेती-बाड़ी करता है। आदर्श दिल्ली में फैक्ट्री में काम करता था और बहन मधु प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। शुक्रवार को वह चचेरे भाई की परीक्षा में शामिल होने के लिए घर आया था। कामिनी पांडेय भी इसी सिलसिले में फतियापुर आई हुई थीं।
थाना प्रभारी सुरसा सुनील कुमार मिश्रा ने कहा कि डंपर की टक्कर से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हुई। चालक की तलाश की जा रही है और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



