मुजफ्फरनगर में काली नदी में मृत गोवंश मिलने से हड़कंप, पुलिस ने जांच शुरू की

मुजफ्फरनगर। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से लगातार मृत गोवंश मिलने की घटनाओं ने पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ा दी है। हिंदू संगठनों ने भी इस मामले में गहन और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।

मंगलवार को नगर कोतवाली क्षेत्र के चरथावल–मिमलाना रोड स्थित काली नदी में चार से पांच गोवंश मृत अवस्था में पाए जाने से अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने इस बारे में तुरंत बजरंग दल के नेताओं को सूचित किया, जो तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन को जानकारी दी।

सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस और नगर पालिका की टीम ने नदी में गोवंश को बाहर निकालने का काम शुरू किया।
घटनास्थल पर मौजूद बजरंग दल के नेता कार्तिक जौहरी ने बताया कि जनपद के कई क्षेत्रों में लगातार ऐसी घटनाएं हो रही हैं। उनका मानना है कि किसी अज्ञात व्यक्ति या गिरोह द्वारा गोकशी की जा रही है और शवों को नदी में फेंका जा रहा है। उन्होंने पुलिस से दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।



