मुज़फ्फरनगर में ई-रिक्शा-बाइक भिड़ंत, 17 वर्षीय छात्र की मौत, दोस्त गंभीर रूप से घायल

मुज़फ्फरनगर जिले के बुढ़ाना थाना क्षेत्र के खतौली मार्ग पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 17 वर्षीय छात्र आकाश की मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब आकाश और उसका दोस्त प्रिंस अपनी मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे थे और सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उनकी टक्कर हो गई।

जानकारी के अनुसार, आकाश पुत्र मंगल सेन निवासी कुरावा, थाना फुगाना, बुढ़ाना स्थित मेपल्स अकैडमी में 12वीं कक्षा का छात्र था। वह अपने दोस्त प्रिंस के साथ रसूलपुर जट्टान जा रहा था। दोस्त की बहन से मिलने के बाद जब वे लौट रहे थे, तभी खतौली मार्ग पर ई-रिक्शा ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक कई फीट दूर जा गिरे।

स्थानीय लोगों की मदद से प्रिंस को गंभीर चोटों के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना पहुंचाया गया। आकाश को गंभीर स्थिति के कारण मेरठ के मिमेंस अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन रात करीब 1 बजे चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आकाश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और पढ़ाई में होनहार माना जाता था। हादसे की खबर उनके गांव कुरावा पहुंचते ही परिजनों और पूरे गांव में मातम छा गया। घायल प्रिंस का इलाज जारी है।
इस हादसे ने सड़क सुरक्षा और ई-रिक्शा संचालन की कमियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन से अपेक्षा जताई जा रही है कि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।



