मुजफ्फरनगर

मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश दिवस की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने की व्यापक समीक्षा

मुजफ्फरनगर। आगामी 24 जनवरी 2026 को जनपद में आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश दिवस को भव्य एवं उत्सवपूर्ण रूप से मनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देने में तेजी ला दी है। इस क्रम में नुमाइश ग्राउंड, मेरठ रोड पर प्रशासनिक अधिकारियों की एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर देशभूषण ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और अपने-अपने विभाग की तैयारियों की जानकारी साझा की। इस अवसर पर ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्राम्य विकास, जिला उद्योग, श्रम, कृषि, कृषि मंडी एवं सहकारिता, पशुपालन, गन्ना, उद्यान, मत्स्य, पूर्ति, जल निगम, लोक निर्माण, विद्युत, सिंचाई एवं लघु सिंचाई, बाल विकास एवं पुष्टाहार, जिला प्रोबेशन, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, जिला पंचायत, पंचायती राज, राज्य कर, बैंक, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा, वन, नेडा, शहरी विकास, खाद्य, स्वास्थ्य एवं पुलिस विभागों ने अपनी तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने स्टॉलों पर योजनाओं के तहत किए गए उत्कृष्ट कार्य एवं उपलब्धियों को अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। इसके लिए वीडियो, ऑडियो-विजुअल सामग्री, फ्लेक्स, बैनर और सूचना पत्रकों का प्रयोग किया जाएगा ताकि आमजन तक योजनाओं की प्रगति और लाभार्थियों की जानकारी पहुँच सके। उन्होंने स्टॉलों की साज-सज्जा, सूचनाओं की स्पष्टता और विभागों के बीच समन्वय पर विशेष जोर दिया।

अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गजेन्द्र कुमार ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में तैयारियों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि आयोजन के दौरान अनुशासन, सुरक्षा और जनसुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। पुलिस विभाग एवं प्रोबेशन विभाग द्वारा ‘नारी शक्ति’ थीम पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।

बैठक में नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ कुमार मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार तेवतिया सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी रही।

जिला प्रशासन ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि उत्तर प्रदेश दिवस को सुव्यवस्थित, प्रभावशाली और जनोपयोगी बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button