देश

ठंड और शीतलहर से कंपकंपाया झारखंड, दो दिनों तक घने कोहरे का येलो अलर्ट

रांची। ठंड और शीतलहर से पूरा झारखंड कंपकंपा उठा है। रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि सोमवार को राज्य के उत्तर-पश्चिमी और मध्य हिस्सों में शीतलहर की स्थिति बनेगी, जबकि कई जिलों में घना कोहरा जनजीवन और यातायात को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकता है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने सोमवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग और गुमला जिलों के कुछ हिस्सों में सोमवार को न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज की जाएगी। गुमला और लातेहार में पारा 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना जताई गई है, जिससे सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड महसूस की जाएगी। उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के प्रभाव से खुले इलाकों में ठिठुरन और बढ़ने के आसार हैं। इसके साथ ही, सोमवार को राज्य के उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी जिलों में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़, दुमका, देवघर, गिरिडीह और पलामू प्रमंडल के जिलों में दृश्यता 50 से 200 मीटर तक सिमट सकती है। कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने, धीमी गति से वाहन चलाने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान चाईबासा में अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है, लेकिन सोमवार से इसमें भी गिरावट की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि 6 जनवरी के बाद न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे सुधार के संकेत हैं, हालांकि फिलहाल ठंड और कोहरे से राहत के आसार नहीं हैं। दक्षिण झारखंड के जिलों पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा सिमडेगा में ठंड का असर अपेक्षाकृत कम रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से ठंड से बचाव के पर्याप्त इंतजाम करने, बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखने तथा किसानों को पाले की आशंका को देखते हुए फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button