देश

मध्य प्रदेश में पड़ रही कड़ाके की सर्दी, घना कोहरा भी छा रहा, 25 से अधिक जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे

भोपाल। मध्‍य प्रदेश में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग और सोनमर्ग में हो रही बर्फबारी का असर अब प्रदेश के मौसम पर भी साफ नजर आने लगा है। प्रदेश में ठंड ने तीखा रुख अपना लिया है। उत्तरी इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे कई जगहों पर विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर तक रह गई। सोमवार को दतिया और रीवा सबसे अधिक प्रभावित रहे। प्रदेश के 25 से अधिक जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है, जिससे लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, ग्वालियर, चंबल, रीवा, सागर, जबलपुर और शहडोल संभाग के करीब 22 जिलों में घने कोहरे का असर देखा गया। ग्वालियर, मुरैना, टीकमगढ़, छतरपुर, सतना, रीवा और सीधी में कोहरे के साथ शीतलहर भी चली, जिससे ठंड और बढ़ गई। दतिया और रीवा में कम विजिबिलिटी के कारण सड़क और रेल यातायात पर भी असर पड़ा।

प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरे की स्थिति बनी रही। ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में घना कोहरा छाया रहा। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, सीहोर, रायसेन, विदिशा, शाजापुर और आगर-मालवा सहित अन्य शहरों में मध्यम कोहरा दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 24 और 25 दिसंबर को आसमान साफ रहने की संभावना है, हालांकि ठंड का असर और बढ़ सकता है।

प्रदेश में सोमवार की रात कई शहरों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। भोपाल और इंदौर में पारा 8.8 डिग्री, ग्वालियर में 11.3 डिग्री, उज्जैन में 11.4 डिग्री और जबलपुर में 9 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश का एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री तक पहुंच गया। इसके अलावा रीवा में 5.6 डिग्री, शहडोल के कल्याणपुर में 5.9 डिग्री, राजगढ़-खजुराहो में 7 डिग्री, सतना के चित्रकूट में 7 डिग्री, मलाजखंड में 7.4 डिग्री, बैतूल में 7.5 डिग्री, नौगांव में 7.6 डिग्री, खंडवा-सतना में 8 डिग्री, मंडला में 8.2 डिग्री, नरसिंहपुर, खरगोन-उमरिया में 8.4 डिग्री, दमोह में 8.5 डिग्री, रायसेन में 8.8 डिग्री, सागर में 8.9 डिग्री, शिवपुरी में 9 डिग्री और दतिया में पारा 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button