मुजफ्फरनगर
मुजफ्फरनगर में रेलवे यार्ड में युवती गंभीर घायल, मेरठ रेफर

मुजफ्फरनगर। जिले में शाम रेलवे यार्ड में एक युवती गंभीर रूप से घायल मिली। स्थानीय लोगों ने तुरंत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को सूचना दी, जिसके बाद आरपीएफ टीम मौके पर पहुंची और युवती को जिला अस्पताल पहुंचाया।

होश में आने पर युवती ने बताया कि उसे चलती ट्रेन से किसी ने धक्का दे दिया था। धक्का लगने के बाद वह पटरी के पास गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।

डॉक्टरों के अनुसार, युवती को कई गंभीर चोटें आई हैं। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए मेरठ रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक सोनू कुमार भी इमरजेंसी में पहुंचे। उन्होंने युवती से घटनाक्रम की जानकारी ली और उसके परिजनों को सूचित किया। उपनिरीक्षक सोनू कुमार ने 108 एम्बुलेंस के माध्यम से युवती को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कराया ताकि उसे उचित उपचार मिल सके।



