देश

कानपुर में पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी घायल, ऑटो में बिठाकर करता था लूटपाट

कानपुर। फजलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार देर रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गयी। घटना में 25 हजार के इनामी शातिर के पैर पर गोली लगी है। आरोपित सवारियों को ऑटो में बिठाकर उनके साथ लूटपाट करता था। पुलिस उसके दो सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

प्रतापगढ़ के रहने वाले शिवम शर्मा सुलतानपुर निवासी अपने चचेरे भाई नीरज के साथ गुजरात के सूरत में नौकरी करते हैं। बीते 13 अक्टूबर को दोनो भाई अपने गांव से रोडवेज बस द्वारा फजलगंज स्थित बस स्टॉप पर उतरे। यहां से उन्होंने झकरकटी जाने के लिए एक ऑटो रोका जिसमे पहले से ही दो युवक बैठे थे। कुछ ही दूर पहुंचने पर ऑटो सवार युवकों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट करते हुए लूटपाट कर उन्हें ऑटो से उतार दिया। मामले में पीड़ित ने थाने में मारपीट और लूट का मुकदमा दर्ज कराया।

इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जबकि तीसरे को पकड़ने के लिए पुलिस टीम और मुखबिर उस पर नजर बनाए हुए थे। तभी देर रात पुलिस को सूचना मिली कि शातिर एक बाइक पर सवार होकर गोविंदपुरी पुल से शहर के दक्षिण इलाके की तरफ जा रहा है। उसे पकड़ने के लोए पुलिस ने घेराबंदी कर उसे आत्मसमर्पण करने को कहा जिस पर उसने पुलिस पर ही फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपित के पैर पर गोली मार कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

एसीपी स्वरूप नगर सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि आरोपित गोविंदनगर निवासी करन है। जिस पर फजलगंज और चकेरी थाने में सात आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। साथ ही उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। पैर पर गोली लगने की वजह से वह घायल हो गया है। जिसे उपचार के लिए हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जल्द ही उसे न्यायलय के समक्ष पेश कर जेल भेजा जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button