औरैया जिले के सभी प्राथमिक विद्यालय कल रविवार को खुले रहेंगे, शिक्षक करेंगे बीएलओ का सहयोग

औरैया, 22 नवम्बर (हि. स.)। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) अभियान के अंतर्गत 23 नवंबर रविवार को पूरे जनपद में विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में आयोजित बैठक में निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने ग्राम स्तरीय कर्मचारियों को बूथों पर तैनात करें, ताकि गणना प्रपत्र संकलन और डिजिटलीकरण का कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सके।

जिलाधिकारी ने शनिवार को बताया कि प्रत्येक बूथ पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक विशेष कैंप लगेगा। इसमें रोजगार सेवक, आंगनबाड़ी सहायिका, सफाई कर्मी, बैंक सखी, जल सखी, विद्युत सखी, ग्राम सचिव, नलकूप संचालक और पंचायत सहायक मतदाताओं को फार्म भरने में सहायता करेंगे। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी और जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि आशा बहुओं, रोजगार सेवकों और कोटेदारों के माध्यम से प्रत्येक मतदाता का गणना प्रपत्र त्रुटिरहित भरवाया जाए।

जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भी निर्देश दिया कि जनपद के सभी प्राथमिक विद्यालय रविवार को खुले रहेंगे और समस्त शिक्षक मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर बीएलओ का सहयोग करेंगे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संत कुमार, एडीएम अविनाश चंद्र मौर्य, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



