मुजफ्फरनगर

यूपी में रेप पीड़िता को मां ने बीच सड़क पीटा:शादी की जिद पर अड़ी थी, आरोपी लड़के ने कोर्ट में ऑफर दिया था

मुजफ्फरनगर के प्रकाश चौक पर शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक महिला ने अपनी ही बेटी की बीच सड़क पर जमकर पिटाई कर दी। राहगीरों की भीड़ जुट गई और काफी देर तक दोनों के बीच खींचतान और मारपीट होती रही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को किसी तरह अलग कराया और थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की।

दुष्कर्म मामले से जुड़ा था विवाद
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मारपीट करने वाली दोनों महिलाएं बुढ़ाना थाना क्षेत्र की रहने वाली मां-बेटी हैं। लड़की ने पहले एक युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। मामले में शुक्रवार को कोर्ट में तारीख थी, जिसके लिए दोनों पक्ष पहुंचे थे।

कोर्ट परिसर में मौजूद युवक ने लड़की से कहा कि वह उससे शादी करना चाहता है, लेकिन उसकी मां इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं है। जैसे ही लड़की को यह बात पता चली, वह शादी पर अड़ गई और युवक का साथ देने लगी।

मां ने काफी समझाया, फिर भी नहीं मानी बेटी
बताया गया कि मां ने बेटी को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह युवक से शादी पर अटल रही। इसके बाद लड़की अचानक मौके से भागने लगी। मां उसके पीछे भागी और प्रकाश चौक पर पकड़कर उसकी पिटाई कर दी, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले आई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि यह मामला पारिवारिक विवाद और न्यायालय में चल रहे केस से जुड़ा हुआ है, इसलिए दोनों पक्षों से विस्तृत बयान लिए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button