मुजफ्फरनगर

मुजफ्फरनगर में ओवरलोड गन्ना ट्रालों से हादसे, एक की मौत; RTI कार्यकर्ता ने CM को लिखा पत्र, अवैध ढुलाई पर रोक की मांग

मुजफ्फरनगर। गन्ना सीजन शुरू होते ही ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रालों से दुर्घटनाओं का सिलसिला बढ़ गया है। पिछले दो दिनों में हुए हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ये ट्राले 400 क्विंटल से अधिक गन्ना लादकर सड़क पर दौड़ रहे हैं, जिससे सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो रही हैं।

ताजा हादसा 15 नवंबर को रामराज क्षेत्र में हुआ, जब 400 क्विंटल से अधिक गन्ना लदे ट्रालों का संतुलन बिगड़ गया और यह सड़क किनारे खड़ी कार पर पलट गया। कार में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें ग्रामीणों ने हाइड्रा की मदद से बाहर निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया। इससे पहले 11 नवंबर को भी गन्ना लदे ट्राले के पलटने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी।

हादसों से चिंतित आरटीआई कार्यकर्ता और किसान सुमित मलिक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र में अवैध गन्ना ढुलाई पर रोक लगाने की मांग की है और आरोप लगाया कि चीनी मिलें जानबूझकर 400 क्विंटल से अधिक गन्ना ट्रालों से मंगवा रही हैं। इन वाहनों के पास न तो फिटनेस है, न बीमा और न ही परिवहन विभाग की अनुमति।

मलिक ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में कोई हादसा होता है, तो संबंधित चीनी मिल के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने परिवहन विभाग, जिला गन्ना विभाग और चीनी मिलों को सख्त निर्देश जारी कर 400 क्विंटल से अधिक गन्ना ले जाने वाले ट्रालों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

मुजफ्फरनगर जिले में इस समय सभी 9 चीनी मिलें चालू हैं और गन्ना ढुलाई जोरों पर है। यदि ओवरलोडिंग पर तुरंत अंकुश नहीं लगाया गया, तो आने वाले दिनों में और बड़े हादसों की आशंका बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button