कानपुर में पूर्व प्रधान के बेटे की धमकी से छात्रा डर से स्कूल नहीं जा रही

कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र की 12वीं की छात्रा ने आरोप लगाया है कि पूर्व ग्राम प्रधान के बेटे मोहित ने उसे लंबे समय से परेशान किया और शादी के लिए दबाव डालते हुए तेजाब फेंकने की धमकी दी। छात्रा ने बताया कि आरोपी उसे एक साल से पीछा कर रहा था और अक्सर अश्लील कमेंट करता था।

पीड़िता ने कहा कि वह स्कूल जा रही थी, तभी मोहित ने उसकी साइकिल के आगे अपनी बाइक रोक दी और शादी के लिए दबाव बनाया। जब उसने मना किया, तो आरोपी ने धमकी दी कि अगर मुझसे शादी नहीं की तो तुम्हारा चेहरा खराब कर दूंगा। डर के कारण छात्रा ने पिछले 19 दिन से स्कूल जाना बंद कर दिया है।

छात्रा ने बताया कि मामला दर्ज कराने के बाद से आरोपी और उसके परिवार वाले फरार हैं। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। उसने कहा कि धमकी और लगातार परेशान किए जाने के कारण वह डिप्रेशन में है और पढ़ाई प्रभावित हो रही है, जबकि इस साल उसके बोर्ड परीक्षा भी हैं।
महाराजपुर थाना के इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि छात्रा की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगी हुई हैं और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।



