
उज्जैन। फिल्म और टेलीविजन की मशहूर जाेड़ी अभिनेता रवि दुबे और उनकी पत्नी अभिनेत्री सरगुन मेहता ने रविवार सुबह उजजैन के विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल के दर्शन किए। दोनों कलाकारों ने अल सुबह हुई भस्म आरती में शामिल होकर श्रद्धा और आस्था के साथ भगवान का आशीर्वाद लिया। नंदी हॉल में बैठकर दोनों ने भगवान महाकाल की भस्म आरती के दर्शन किए। इस दौरान वे भगवान की भक्ति में लीन दिखाई दिए।

दर्शन के बाद अभिनेता रवि दुबे ने मंदिर समिति द्वारा की गई दर्शन व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि इतनी अधिक भीड़ होने के बावजूद सभी श्रद्धालुओं को सुचारू रूप से दर्शन कराना आसान काम नहीं है, लेकिन श्री महाकालेश्वर प्रबंध समिति इसे बखूबी निभा रही है। मंदिर समिति की ओर से उप प्रशासक एसएन सोनी ने रवि दुबे और सरगुन मेहता को भगवान महाकाल का दुपट्टा और प्रसाद भेंटकर सम्मानित किया।




