राजनीति

‘फैसला मीडिया नहीं, कांग्रेस हाईकमान करेगा…’, कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों को सिद्धारमैया ने किया खारिज

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों को खारिज कर दिया है. उन्होंने कहा कि यह मुद्दा सिर्फ़ कांग्रेस हाईकमान के अधिकार में है, न कि मीडिया के.

पत्रकारों से बातचीत के दौरान सिद्धारमैया ने कहा, ‘क्या आपके पास और कोई मुद्दा नहीं है? लोग कुछ भी कहते रहते हैं, लेकिन क्या सोनिया गांधी, राहुल गांधी या खड़गे ने कुछ कहा है? मीडिया में चर्चा जनता से ज़्यादा हो रही है.’

उन्होंने यह भी कहा कि जब तक हाईकमान कोई फैसला नहीं लेता, तब तक इस तरह की बातों को कोई महत्व नहीं देना चाहिए.

हाईकमान ही अंतिम अथॉरिटी

मुख्यमंत्री ने बार-बार दोहराया कि पार्टी के निर्णय सिर्फ़ हाईकमान ही ले सकता है. ‘अगर कोई नेता हाईकमान के फैसले से पहले कुछ बोलता है, तो उसका कोई मतलब नहीं है,’ उन्होंने कहा.

सिद्धारमैया ने अपने संभावित उत्तराधिकारियों को लेकर चल रही चर्चाओं पर कहा कि यह लोकतंत्र है, और हर किसी को मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल होने का अधिकार है. लेकिन आखिरी फैसला पार्टी का हाईकमान ही करेगा.

कैबिनेट फेरबदल पर बोले- बिहार चुनाव के बाद चर्चा

कैबिनेट फेरबदल को लेकर पूछे गए सवाल पर सिद्धारमैया ने कहा कि इस पर फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं करेंगे. ‘बिहार चुनाव खत्म होने के बाद मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से इस पर चर्चा करूंगा. मैं 15 तारीख को दिल्ली जाऊंगा,’ उन्होंने कहा.

राजनीतिक संदेश

सिद्धारमैया का यह बयान उन अटकलों के बीच आया है जिनमें कहा जा रहा था कि कर्नाटक कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा चल रही है. उन्होंने साफ़ कर दिया है कि वे पार्टी के आदेशों का पालन करेंगे और फिलहाल सरकार पूरी मजबूती से काम कर रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button