देश

तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, 1 की मौके पर ही मौत, 2 गंभीर घायल

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। खरसिया थाना क्षेत्र के दर्रामुड़ा गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।

इलाज के लिए जा रहे थे तीनों ग्रामीण
मिली जानकारी के अनुसार, दर्रामुड़ा निवासी मोहन केंवट (55), उनका बेटा श्यामलाल केंवट (35) और उनका दोस्त उसत राम (55) रविवार सुबह इलाज कराने के लिए पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम कोतासुरा स्थित वैद्य के पास जा रहे थे। सुबह करीब 10 बजे जब तीनों तिलगी मोड़ के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद बाइक सवार गड्ढे में गिरे
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सवार सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरे। हादसे में मोहन केंवट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि श्यामलाल और उसत राम गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया।

स्थानीय लोगों ने दी पुलिस को सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर भाग चुका था। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुसौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा, जबकि दोनों घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button