uttar pradesh

20 साल बाद जेल से बाहर आया नीतीश कटारा हत्याकांड का दोषी सुखदेव यादव, सड़क हादसे में मौत

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर से बड़ी खबर सामने आई है. साल 2002 के बहुचर्चित नीतीश कटारा ऑनर किलिंग केस के दोषी सुखदेव यादव उर्फ पहलवान की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है. पुलिस के अनुसार मंगलवार रात लगभग 10 बजे यह हादसा हुआ, जब एक तेज रफ्तार कार ने एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी.

55 साल के सुखदेव यादव की हुई मौत

बाइक पर तीन लोग सवार थे, जिनमें से 55 साल के सुखदेव यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य साथी  विजय गुप्ता और भगवत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने बताया कि यह हादसा कुशीनगर जिले के तमकुही रोड इलाके में हुआ.

हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. सुखदेव यादव वही व्यक्ति था जिसे दिल्ली के हाई-प्रोफाइल नीतीश कटारा मर्डर केस में दोषी ठहराया गया था.

इस केस में पूर्व सांसद डी.पी. यादव के बेटे विकास यादव और भतीजे विशाल यादव को भी सज़ा हुई थी. मामला उस समय का था जब 16 फरवरी 2002 की रात नीतीश कटारा को ग़ाज़ियाबाद के एक शादी समारोह से अगवा कर उसकी हत्या कर दी गई थी.

प्रेम संबंध में हुई थी नीतीश कटारा की हत्या

हत्या के पीछे की वजह नीतीश और विकास यादव की बहन भारती यादव के बीच प्रेम संबंध बताया गया था, जिसे यादव परिवार ने सामाजिक प्रतिष्ठा का मुद्दा बनाकर ‘ऑनर किलिंग’ को अंजाम दिया था. अदालत ने तीनों को 20 साल कैद की सज़ा सुनाई थी.

सुखदेव यादव ने पूरी सज़ा काटने के बाद जून 2024 में जेल से रिहाई पाई थी. उसकी रिहाई पर सरकार ने आपत्ति जताई थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि जब सज़ा निश्चित अवधि की हो, तो ‘रिमिशन’ (सज़ा की अवधि घटा दें) की आवश्यकता नहीं होती. रिहाई के महज़ चार महीने बाद ही सुखदेव की मौत सड़क पर हो गई. पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button