Bihar

बागियों पर नीतीश कुमार का ताबड़तोड़ एक्शन, 48 घंटों में 16 नेताओं को JDU से निकाला, MLA गोपाल मंडल का नाम भी शामिल

बिहार चुनाव 2025 को लेकर सीएम नीतीश कुमार एक्शन मोड़ में हैं। वो बागियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रहे हैं। कुछ ही घंटों के अंदर नीतीश ने 16 बागी नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया है। रविवार (26 अक्टूबर) को उन्होंने 5 नेताओं को JDU से निकाल दिया। इसमें सबसे चौंकाने वाला नाम गोपालपुर से मौजूदा विधायक गोपाल मंडल का शामिल रहा।

इससे पहले शनिवार (25 अक्टूबर) को भी नीतीश कुमार ने बागी नेताओं पर बड़ा एक्शन लिया था। उन्होंने ‘पार्टी विरोधी गतिविधियों’ के आरोप में 11 नेताओं को निष्कासित कर दिया था।

5 और नेताओं को पार्टी से किया आउट

रविवार को जिन 5 नेताओं को JDU से बाहर निकाला गया है, उसमें विधायक गोपाल मंडल के अलावा पूर्व मंत्री हिमराज सिंह, पूर्व विधायक महेश्वर यादव, पूर्व एमएलसी संजीव श्याम सिंह, और प्रभात किरण शामिल हैं। गोपाल मंडल गोपालपुर सीट से JDU विधायक हैं। वो इस सीट से लगातार तीन बार जीत हासिल कर चुके थे।

गोपाल मंडल का कटा टिकट, अब निर्दलीय लड़ेंगे

हालांकि उन्हें इस बार पार्टी ने चुनाव लड़ने का टिकट नहीं मिला है। इससे आहत होकर गोपाल मंडल ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना भी दिया था। साथ ही मंडल ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में उतरने का फैसला किया। इसके चलते उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।

पहले 11 नेताओं को JDU से निकाला था

इससे पहले JDU ने पूर्व मंत्री शैलेश कुमार समेत 11 लोगों को पार्टी से निकाल दिया था। इसमें पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह (बरहड़िया), सुदर्शन कुमार, पूर्व MLC संजय प्रसाद (चकाई), रणविजय सिंह, विवेक शुक्ला, असमा परवीन, लव कुमार, अमर कुमार सिंह, आशा सुमन और दिव्यांशु भारद्वाज के नाम शामिल थे। इन नेताओं पर आरोप है कि टिकट ना मिलने से नाराज होकार निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में या फिर अन्य दलों के सहयोग से चुनावी मैदान में उतर चुके हैं, जिससे पार्टी के लिए मुश्किलें खड़ी हो गई थी।

बिहार विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही दिन बाकी रह गए है। राज्य में दो चरणों में चुनाव के लिए वोटिंग होनी है। पहले चरण का मतदान 5 नवंबर और दो चरण का 11 नवंबर को होना है। वहीं, 14 नवंबर को बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button