ASP अनुज चौधरी को धमकाने वाला मशकूर रजा उर्फ ‘दादा’ दोबारा गिरफ्तार, इस बार रंगदारी के आरोप में जेल भेजा गया

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में कुख्यात बदमाश मशकूर रजा उर्फ दादा को पुलिस ने एक बार फिर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मशकूर वही व्यक्ति है, जिसने कुछ समय पहले एएसपी अनुज चौधरी को फोन पर धमकाया था, और जिसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इस बार मशकूर पर रंगदारी मांगने और ठगी का आरोप है। पुलिस के अनुसार, थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र में उसने खुद को रसूखदार बताते हुए सरकारी योजनाओं के नाम पर ठगी करने की कोशिश की। जब धोखाधड़ी सफल नहीं हुई, तो उसने तमंचे की दम पर एक व्यक्ति से लगभग 20 हजार रुपए वसूले।

क्या है मामला
पीड़ित योगेश कुमार ने पुलिस को बताया कि 8 अक्टूबर को डींगरपुर में मशकूर से उसकी मुलाकात हुई थी। आरोपी ने सरकारी योजना से ₹10 लाख का लाभ दिलाने के नाम पर ₹1,000 मांगे। इसके बाद 19 अक्टूबर की शाम वह योगेश और उसके साथियों को रास्ते में रोककर धमकाते हुए ₹19,810 छीन लिए। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया।

वायरल ऑडियो ने बढ़ाई सनसनी
इस बीच, मशकूर रजा और एएसपी अनुज चौधरी के बीच हुई कथित बातचीत की एक पुरानी ऑडियो क्लिप फिर से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। उसमें एक व्यक्ति खुद को मशकूर बताते हुए कहता है कि “एएसपी ने उसका करियर बर्बाद कर दिया, मार ही देते तो बेहतर होता।” हालांकि, TV9 ने इस ऑडियो की पुष्टि नहीं की है और पुलिस भी फिलहाल इसकी सत्यता की जांच कर रही है।
संभल पुलिस की कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, मशकूर को वास्तव में संभल पुलिस ने हिरासत में लिया था। पूछताछ में उसके कई पुराने आपराधिक मामलों की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसकी गतिविधियों और नेटवर्क की जांच में जुटी है।
गांव में चर्चाएं और अतीत की कहानी
मुरादाबाद के ताहरपुर गांव में मशकूर की गिरफ्तारी चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि वह कभी गाजियाबाद का सफल कारोबारी था, लेकिन नशे की लत ने उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी। उसने परिवार से दूरी बना ली और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हो गया। अब गांव के लोग चाहते हैं कि प्रशासन उस पर सख्त कार्रवाई करे, ताकि क्षेत्र में शांति कायम रहे।



