प्रेमिका के परिजनों ने रचा खूनी खेल, प्रेमी को दी ऐसी सजा कि … वह रात बनी आखिरी मुलाकात

उत्तर प्रदेश के सहावर थाना क्षेत्र के मोहल्ला झंडा में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां प्रेमिका के परिजनों ने प्रेमी युवक को बुलाकर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान जिया सिद्दीकी के रूप में हुई है, जिसके शरीर पर चाकुओं से गोदने के कई निशान पाए गए हैं।


प्रेमिका के घर पहुंचा प्रेमी, बनी आखिरी मुलाकात
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जिया सिद्दीकी का मोहल्ले की एक युवती से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच लंबे समय से मुलाकातें होती थीं, लेकिन प्रेमिका के परिवारवालों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। शुक्रवार देर रात युवक को किसी बहाने से प्रेमिका के घर बुलाया गया, जहां पहले झगड़ा हुआ और फिर परिजनों ने धारदार हथियारों से युवक पर हमला बोल दिया।


खून से लथपथ प्रेमी को अस्पताल ले गई प्रेमिका
हमले में गंभीर रूप से घायल हुए जिया सिद्दीकी को उसकी प्रेमिका किसी तरह से स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी मच गई। प्रेमिका का रो-रोकर बुरा हाल बताया जा रहा है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही सहावर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों के मुताबिक, हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है।
प्रेमिका के परिजन फरार, तलाश जारी
घटना के बाद से प्रेमिका के परिजन फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है। एसपी कासगंज ने कहा कि यह मामला ऑनर किलिंग का प्रतीत होता है, और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



