Bihar

एक छोटी सी गलती और लोजपा उम्मीदवार सीमा सिंह का नामांकन रद्द, अब क्या करेगा NDA

बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को शनिवार को उस समय असहज स्थिति का सामना करना पड़ा जब लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की उम्मीदवार सीमा सिंह का नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया।

जानें क्यों रद्द हुआ सीमा सिंह का नामांकन

भोजपुरी फिल्मों में अभिनय कर चुकीं सीमा सिंह को लोजपा (रामविलास) ने सारण जिले की मढ़ौरा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था, लेकिन नामांकन पत्रों की जांच के दौरान ‘‘तकनीकी कारणों” से उनका नामांकन रद्द कर दिया गया। जांच में पाया गया कि प्रत्याशी की जगह प्रस्तावक का नाम लिखा गया था, जबकि प्रस्तावक की जगह पार्टी का नाम लिखा गया था। वहीं, अब सीमा सिंह का नामांकन रद्द होना एनडीए के लिए बड़ा झटका है। बता दें कि नामांकन भरते समय उम्मीदवार द्वारा जो भी जानकारी दी जाती है, वह सब सही होनी चाहिए। अगर ऐसा नहीं होता तो यह रद्द हो सकता है।

इस सीट पर पहले चरण में होगा मतदान

वहीं, मढ़ौरा सीट से ही जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व नेता और निर्दलीय उम्मीदवार अल्ताफ आलम राजू का नामांकन भी खारिज कर दिया गया। अब इस सीट पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मौजूदा विधायक और पूर्व मंत्री जितेंद्र कुमार राय तथा जन सुराज पार्टी के अभय सिंह के बीच सीधी टक्कर हो सकती है। इस सीट पर पहले चरण में छह नवंबर को मतदान होगा। नामांकन पत्रों की जांच के बाद चार उम्मीदवारों के नामांकन रद्द होने के बावजूद अब भी नौ उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर है।

जब इस बारे में केंद्रीय मंत्री और पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान से पूछा गया, तो उन्होंने कहा, ‘‘हमने निर्वाचन आयोग के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई है। यह स्थिति एक छोटी सी त्रुटि के कारण उत्पन्न हुई है। उम्मीद है कि जल्द ही समाधान हो जाएगा।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button