Bihar

NDA में अब भी फंसा है पेंच? CM नीतीश की नाराजगी की अटकलों के बीच चिराग पासवान कर रहे डैमेज कंट्रोल? कहा- मोदी जी और नीतीश जी…

कई दिनों तक चले मंथन के बाद बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए NDA ने सीट बंटवारे को लेकर रविवार को बड़ी घोषणा की थी। सीटों की घोषणा करते हुए दिल्ली में बिहार चुनाव प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा था कि सीट शेयरिंग के मुद्दों सुलझा लिया गया है। मगर 24 घंटे के भीतर ही महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर नाराजगी बाहर आने लगी। इसकी शुरुआत मांझी और कुशवाहा ने की थी। अब सीट बंटवारे पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नाराजगी की भी बात सामने आ रही है। अब पूरे विवाद पर चिराग पासवान की प्रतिक्रिया आई है।

सूत्रों के मुताबिक,  मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 9 सीटोंं के बंटवारे से असंतुष्ट हैं और अपनी कुछ पारंपरिक सीटों को छोड़ने  से इनकार कर दिया है। JDU ने इन सीटों पर बीजेपी से फिर विचार करने की मांग भी की है। नीतीश इन सीटों को  चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) को देने से नाराज बताए जा रहे हैं। मगर चिराग पासवान ने तो मुख्यमंत्री की नाराजगी की बात को ही सिरे से खारिज कर दिया।

नीतीश की नाराजगी की चर्चा पर चिराग ने क्या कहा?

लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा, “NDA दलों के बीच (बिहार में) सीटों के बंटवारे का मुद्दा सौहार्दपूर्ण बातचीत से सुलझ गया है। कौन सी पार्टी किस सीट पर चुनाव लड़ेगी, इस पर भी चर्चा सकारात्मक बातचीत के साथ अंतिम चरण में है। मोदी जी और नीतीश जी के नेतृत्व में NDA के सभी दल एकजुटता के साथ पूरी तरह तैयार हैं।”

PM मोदी के नेतृत्व में NDA एकजुट है-सम्राट चौधरी

वहीं, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA एकजुट है। बैठकें चल रही हैं। हमने सीटों की संख्या तय कर ली है। अब सीट बंटवारे पर बातचीत अंतिम चरण में है। जल्द ही सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। नीतीश कुमार हमारे नेता हैं। बिहार की जनता को नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर भरोसा है।”

नीतीश कुमार की नाराजगी की क्यों चर्चा?

नीतीश कुमार की नाराजगी इस बात को लेकर है कि JDU कोटे की सीटें चिराग को क्यों दिया गया? सूत्रों के मुताबिक, नीतीश ने BJP से 9 सीटों पर फिर विचार करने को कहा। सोनवर्षा की सीट चिराग पासवान की पार्टी दो दिये जाने से नीतीश खासे गुस्से में हैं। बता दें कि इस सीट पर वर्तमान में विधायक JDU के रत्नेश सदा हैं जो नीतीश कैबिनेट के मंत्री भी हैं।  नालंदा, सोनवर्षा और सहरसा जैसी सीटों को लेकर भी नीतीश की नाराजगी की बात कही जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button