आखिर क्या रही मजबूर? … पति ने पहले पत्नी को मारा, फिर खुद को उड़ाया, पढ़ें फतेहपुर डबल मर्डर की दर्दनाक स्टोरी

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के गाजीपुर थाना क्षेत्र के लमेहटा गांव में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 35 वर्षीय मुकेश निषाद ने घरेलू विवाद के बाद 30 वर्षीय पत्नी गुड़िया देवी को गोली मार दी, फिर उसी तमंचे से खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। रविवार की भोर में घर में बेटी के रोने की आवाज सुनकर दादा-दादी जागे, जब उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो मुकेश और गुड़िया के शव तख्त पर खून से लथपथ पड़े थे।

मौके से मिला तमंचा और कारतूस
घटना की सूचना पर गाजीपुर थाना प्रभारी हनुमान प्रताप सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने 315 बोर का तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए, जबकि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


घरेलू विवाद का शक
प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है। सीओ दुर्गेशदीप ने बताया कि “दोनों की मौत गोली लगने से हुई है। प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि पति ने पहले पत्नी को गोली मारी और फिर खुद को। ग्रामीणों के अनुसार, दंपती के बीच पिछले कुछ समय से छोटी-छोटी बातों को लेकर कहासुनी चल रही थी।
मासूमों पर टूटा दुखों का पहाड़
घटना के बाद घर में मासूम बेटियां बेसहारा हो गईं। पड़ोसी और रिश्तेदार उनके भविष्य को लेकर चिंतित हैं। गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।



