uttar pradesh

किसानों को साजिश के तहत बर्बाद कर रही है भाजपा सरकार: अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर किसानों को साजिश के तहत ‘बर्बाद’ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों की जमीन हड़पना इसका मकसद है। यादव ने किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा, ”किसानों को फसलों के लिए खाद नहीं मिली। पूरे प्रदेश में खाद की कालाबाजारी हो रही है। किसान खाद के लिए भटकता रहा। लाइनों में खड़ा रहा और पुलिस की लाठियां भी खाता रहा। खाद के अभाव में किसानों की फसलें बर्बाद हो गयीं।”

‘हर विभाग और हर काम में भ्रष्टाचार और लूट है’
सपा प्रमुख ने आरोप लगाते हुए कहा, ”भाजपा सरकार में किसानों को साजिश के तहत योजनाबद्ध तरीके से तबाह और बर्बाद किया जा रहा है। इससे किसान खेती-किसानी छोड़ कर मजदूरी करने पर विवश हो जायें। यह सरकार किसानों की जमीन और उनकी खेती किसानी हड़पना चाहती है।” यादव ने राज्य के प्रत्येक विभाग में भ्रष्टाचार और लूट व्याप्त होने का आरोप लगाते हुए कहा कि कमीशनखोरी ने पूरी व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा, ”भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और कालाबाजारी का जोर है। हर विभाग और हर काम में भ्रष्टाचार और लूट है। भाजपा के विधायक खुद स्वीकार कर रहे हैं कि उन्हें विधायक निधि से 10 फीसद कमीशन मिल रहा है। कहीं ज्यादा तो कहीं कम, सरकारी विभागों में भी यही हाल है।

‘कमीशनखोरी ने पूरी व्यवस्था को बर्बाद कर दिया’
अखिलेश यादव ने कहा, कमीशनखोरी ने पूरी व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। कोई कार्य बिना कमीशन के नहीं हो रहा है। आम जनता भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार से त्रस्त है।” यादव ने कहा, ”जल जीवन मिशन से लेकर सड़कों के निर्माण तक में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी साफ-साफ दिखाई दे रही है। जल जीवन मिशन के तहत बनायी गयी पानी की टंकियां कई जगह भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार का भार नहीं सह पायीं और ढह गयीं। सड़कों के निर्माण में कमीशनखोरी का नतीजा है कि सड़कें बनते ही उखड़ जा रही हैं।” उन्होंने कहा, ”प्रदेश का नौजवान, बेरोजगार, किसान भाजपा के षड्यंत्रों को समझ रहा है। वर्ष 2027 में प्रदेश की जनता भाजपा का सफाया कर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का अंत करेगी।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button