एंटीफा को आतंकवादी संगठन घोषित करेंगे : ट्रंप

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बृहस्पतिवार तड़के कहा कि वह एंटीफा को एक ‘‘प्रमुख आतंकवादी संगठन’’ घोषित करने की योजना बना रहे हैं।

एंटीफा, ‘‘एंटी-फासिस्ट्स’’ (फासीवाद विरोधी) का संक्षिप्त रूप है, जो अति-वामपंथी उग्रवादी समूहों के लिए एक व्यापक शब्द है न कि कोई एक संगठन है। ये समूह खासतौर से प्रदर्शनों के दौरान फासीवादियों और नव-नाजियों का विरोध करते हैं।

अभी यह स्पष्ट नहीं है कि प्रशासन एक विकेन्द्रीकृत आंदोलन को आतंकवादी संगठन कैसे घोषित करेगा तथा व्हाइट हाउस (अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) ने बुधवार को तत्काल इस बारे में अधिक जानकारी नहीं दी।
ब्रिटेन की राजकीय यात्रा पर गए ट्रंप ने सोशल मीडिया पर बुधवार रात को यह घोषणा की। उन्होंने एंटीफा को “बीमार, खतरनाक, उग्रवादी वामपंथी आपदा” करार दिया और इसके वित्तपोषकों की जांच की सिफारिश करने की बात भी कही।
एंटीफा एक घरेलू समूह है और इसलिए विदेश विभाग की विदेशी आतंकवादी संगठनों की सूची में शामिल होने के लिए उपयुक्त नहीं है। इस्लामिक स्टेट और अल-कायदा जैसे आतंकवादी संगठनों समेत कई समूह इस सूची में शामिल हैं।
लेकिन यदि इस समूह को आतंकवादी संगठन का दर्जा मिलता है तो न्याय विभाग उन लोगों पर मुकदमा चला सकता है जो ऐसे समूहों को समर्थन प्रदान करते हैं।



