मुंबई को बड़ी सौगात: 30 सितंबर से दौड़ेगी 33 km लंबी पहली भूमिगत मेट्रो, PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी?

मुंबईवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुंबई मेट्रो एक्वा लाइन-3 30 सितंबर से आरे से कफ परेड तक शुरू हो जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुंबई मेट्रो-3 यानी एक्वा लाइन को हरी झंडी दिखा सकते है। एक्वा लाइन के आखिरी चरण की जांच सफल रही है। दहशरा से पहले ही मुंबई के कोलाबा से आरे कॉलोनी तक का पूरा भूमिगत मेट्रो कॉरिडोर यात्रियों की सेवा में उपलब्ध हो जाएगा।

33.5 किलोमीटर लंबी यह लाइन मुंबई की पहली पूरी तरह भूमिगत मेट्रो है। अधिकारियों के मुताबिक इस मार्ग पर कुल 27 स्टेशन हैं, जिनमें से 26 स्टेशन अंडरग्राउंड होंगे। आरे से वर्ली तक का लगभग 22.5 किलोमीटर का हिस्सा पहले से ही चालू है, जबकि अब कफ परेड से वर्ली तक का 11 किलोमीटर लंबा हिस्सा भी दशहरे के आसपास शुरू हो जाएगा। इस तरह कोलाबा से आरे कॉलोनी तक की यात्रा एक घंटे से कम समय में पूरी की जा सकेगी, जबकि सड़क से सफर करने पर अक्सर 2 से 3 घंटे लग जाते हैं

अधिकारियों का कहना है कि मुंबई मेट्रो-3 एक्वा लाइन का कोलाबा-बांद्रा-सीप्ज कॉरिडोर सितंबर के आखिर या अक्टूबर की शुरुआत में यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। दरअसल, मेट्रो-3 का काम दो चरणों में पूरा किया गया। पहला चरण आरे से बीकेसी तक था, जिसका उद्घाटन 7 अक्टूबर 2024 में पीएम मोदी ने किया। जबकि दूसरा चरण बीकेसी से वर्ली तक का था, जो 9 मई 2025 में शुरू हुआ। और अब तीसरे चरण में यह पूरी लाइन चालू हो जाएगी।



