बिहार में आज NDA का हल्ला बोल, PM MODI की मां पर टिप्पणी के खिलाफ बिहार बंद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के खिलाफ आज, 4 सितंबर को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने बिहार बंद का आह्वान किया है। इस दौरान एनडीए के सहयोगी दल, विशेष रूप से भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। यह बंद सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान प्रदेश में स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान सभी बंद रहेंगे। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं और रेल परिचालन को इससे बाहर रखा गया है।

बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि दरभंगा में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान RJD और कांग्रेस के मंच से पीएम मोदी और उनकी मां के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की गईं। उन्होंने इसे न केवल पीएम का, बल्कि देश की हर मां और बिहार का अपमान बताया। जायसवाल ने कहा, माताएं देवतुल्य होतीं है और उनका अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसका खिलाफ आज बिहार बंद रहेगा और हमारे नेता, कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन करेंगे।

NDA का बिहार बंद आज
बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने जनता से बंद में शामिल होने और RJD-कांग्रेस की कथित अपमानजनक टिप्पणियों के खिलाफ एकजुट होकर विरोध करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन न केवल पीएम मोदी के सम्मान की रक्षा के लिए है, बल्कि यह बिहार की गरिमा और मातृशक्ति के सम्मान का भी सवाल है। बंद के दौरान एनडीए कार्यकर्ता विभिन्न शहरों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं। स्थिति पर नजर रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी अलर्ट पर है।
बंद के दौरान आम जनता को कस से कम असुविधा हो, इसका पूरा ख्याल रखा जाएगा। आपातकालीन सेवाओं, जैसे अस्पताल, दवा दुकानें और पेट्रोल पंप, को बंद से मुक्त रखा गया है। आवश्यक वस्तुओं की दुकानें भी खुली रहेंगी।
क्या-क्या रहेगा बंद?
- स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान
- इंटरसिटी बस सेवाएं
- सरकारी और निजी कार्यालय
- बंद सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक रहेगा
क्या-क्या नहीं रहेगा बंद?
- आपातकालीन सेवाएं
- दवा की दुकानें
- पेट्रोल पंप
- रेल परिचालन



