Jammu and Kashmir

जम्मू कश्मीर के पुंछ में LoC के पास देखे गए ड्रोन, तलाश अभियान जारी

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास कई अग्रिम इलाकों में पाकिस्तान से आए कम से कम छह ड्रोन मंडराते देखे गए जिसके बाद सुरक्षा बलों ने तलाश अभियान शुरू किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि रविवार रात 9.15 बजे मेंढर सेक्टर के बालाकोट, लांगोटे और गुरसाई नाले के ऊपर सीमा पार से ड्रोनों की गतिविधि देखी गई।

उन्होंने बताया कि ऐसी आशंका है कि ये ड्रोन निगरानी के लिए छोड़े गए। ये काफी ऊंचाई पर उड़ते हुए देखे गए और पांच मिनट के भीतर ही पाकिस्तानी सीमा में वापस लौट गए।

अधिकारियों ने बताया कि हालांकि, इलाके की घेराबंदी कर दी गई और सुबह होते ही उन इलाकों में तलाशी शुरू कर दी गई जहां ड्रोनों की गतिविधियां देखी गईं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उनसे कोई हथियार या मादक पदार्थ तो नहीं गिराया गया।

पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान द्वारा हथियार और मादक पदार्थ गिराने के लिए ड्रोन का उपयोग सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है और इसी सिलसिले में पुलिस ने पिछले वर्ष फरवरी में ड्रोन देखे जाने की सूचना देने वाले को तीन लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button