delhi

दिल्ली की CM रेखा गुप्ता पर हमले की AAP और कांग्रेस ने की निंदा

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला करने की कोशिश की गई है। घटना उस दौरान की है जब वह अपने आवास पर जनसुनवाई कर रही थीं।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला करने की कोशिश की गई है। घटना उस दौरान की है जब वह अपने आवास पर जनसुनवाई कर रही थीं।

आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमले की घटना की निंदा की और राष्ट्रीय राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर पुलिस पर सवाल पर भी उठाए।  भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बताया कि गुप्ता पर बुधवार सुबह सिविल लाइंस स्थित उनके आधिकारिक कार्यालय में जन सुनवाई के दौरान कथित तौर पर हमला किया गया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और पूछताछ जारी है।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतभेद और विरोध स्वीकार्य हैं, लेकिन हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं हो सकता। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि दिल्ली पुलिस उचित कार्रवाई करेगी। मैं कामना करता हूं कि मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ रहें।’’

आप नेता आतिशी ने भी मुख्यमंत्री पर हमले की घटना की निंदा करते हुए इसी तरह के विचार व्यक्त किए। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। लोकतंत्र में असहमति और विरोध की जगह होती है, लेकिन हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है।’’ उन्होंने उम्मीद जताई कि दिल्ली पुलिस दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी। उन्होंने पोस्ट में कहा, ‘‘आशा है मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।’’

दिल्ली के पूर्व मंत्री एवं ‘आप’ की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सभी दलों को इस तरह के कृत्यों की स्पष्ट रूप से निंदा करनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। हम इस घटना की कड़ी निंदा करते हैं। जब भी दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला हुआ, भाजपा प्रवक्ताओं ने कहा कि लोग गुस्से में थे और इसलिए ये घटनाएं हुईं। हम बड़ा दिल दिखा रहे हैं। दिल्ली की जनता गुप्ता से नाखुश है, लेकिन हिंसा इसका समाधान नहीं है। किसी भी तरह की हिंसा जायज नहीं है।’’

कांग्रेस की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने हमले की आलोचना की और इसे बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री पर हमला निंदनीय है। इससे यह भी उजागर होता है कि दिल्ली में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। लोग यहां सुरक्षा के लिए आते हैं। पुलिस को सुस्ती छोड़कर महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर ध्यान देना चाहिए।’’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button