जम्मू-कश्मीर में बड़ा हादसा, CRPF जवानों से भरी गाड़ी पलटी

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में बड़ा हादसा हुआ है। उधमपुर के कंडवा-बसंतगढ़ इलाके में सीआरपीएफ वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। कई जवान गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। बचाव अभियान जारी हैं। घटना को लेकर केंद्रीय मंत्री डॉ जितेन्द्र सिंह ने कहा है कि इस ह्रदयविदारक घटना की जानकारी है और वह अधिकारियों के संपर्क में हैं। इस घटना में अभी तक 2 जवानों की मौत हो गई है।

केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा कि कंदवा-बसंतगढ़ क्षेत्र में सीआरपीएफ के एक वाहन के साथ हुई सड़क दुर्घटना की खबर सुनकर व्यथित हूं। वाहन में सीआरपीएफ के कई बहादुर जवान सवार थे। मैंने अभी-अभी डीसी सलोनी राय से बात की है, जो व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नजर रख रही हैं और मुझे जानकारी दे रही हैं। बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिए गए हैं। स्थानीय लोग स्वेच्छा से मदद के लिए आगे आए हैं। हर संभव मदद सुनिश्चित की जा रही है।

उधमपुर के एडिशनल एसपी संदीप भट ने बताया कि बसंतगढ़ इलाके में कंडवा के पास एक सीआरपीएफ वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो सीआरपीएफ जवानों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया और सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है।
सीआरपीएफ की तरफ से बताया गया कि 187वीं बटालियन का एक वाहन, जिसमें 18 जवान सवार थे। आज सुबह लगभग 10:30 बजे ये वाहन जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में कदवा से बसंत गढ़ जाते समय दुर्घटनाग्रस्त होकर एक खाई में गिर गया। इस मौजूद सभी जवान घायल हो गए हैं और दो जवान गंभीर रूप से घायल हैं।



