आम आदमी पार्टी अब ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा नहीं : राज्यसभा सदस्य संजय सिंह
आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को ‘इंडिया’ गठबंधन से अपनी दूरी बनाते हुए कहा कि वह अब विपक्षी गठजोड़ का हिस्सा नहीं है और इसका नेतृत्व करने में कांग्रेस पार्टी की भूमिका पर सवाल उठाया।

आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को ‘इंडिया’ गठबंधन से अपनी दूरी बनाते हुए कहा कि वह अब विपक्षी गठजोड़ का हिस्सा नहीं है और इसका नेतृत्व करने में कांग्रेस पार्टी की भूमिका पर सवाल उठाया। राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने देश में मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा के लिए शनिवार शाम ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के नेताओं की डिजिटल माध्यम से होने वाली बैठक से एक दिन पहले यह टिप्पणी की।

सोमवार से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र से ठीक पहले यह बैठक होने जा रही है।

सिंह ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी ने अपना रुख साफ कर दिया है। ‘इंडिया’ गठबंधन लोकसभा चुनाव (2024) के लिए था। हमने दिल्ली और हरियाणा विधानसभा चुनाव अपने बूते लड़ा। हम बिहार (विधानसभा) चुनाव अकेले लड़ने जा रहे हैं। हमने पंजाब और गुजरात में उपचुनाव अपने बूते लड़ा। आप ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा नहीं है। हम लोकसभा में जोरदार तरीके से मुद्दे उठाएंगे। हमने हमेशा एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाई है।’’
अरविंद केजरीवाल नीत पार्टी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन करके दिल्ली और हरियाणा में 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ा था।
कांग्रेस की आलोचना करते हुए, सिंह ने विपक्षी गठबंधन का नेतृत्व करने में उसकी भूमिका पर सवाल उठाया।
सरकार का विरोध करने में ‘आप’ की भूमिका पर सिंह ने कहा कि पार्टी हमेशा से ही सत्तारूढ़ दल का कड़ा विरोध करती रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम पूरी ताकत से ऐसा करेंगे।’’
गुजरात में विसावदर विधानसभा उपचुनाव जीतने के बाद, केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि सत्तारूढ़ भाजपा ने उनकी पार्टी को हराने के लिए कांग्रेस को भेजा था।



