uttar pradesh

नशे का बड़ा नेटवर्क ध्वस्त! उड़िसा से बहराइच भेजी जा रही ₹70 लाख की खेप STF ने पकड़ी, 3 तस्कर गिरफ्तार

लखनऊ से आई स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की टीम ने सुलतानपुर में एक बड़ी तस्करी को नाकाम कर दिया। पुलिस ने लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक कंटेनर से 5 क्विंटल गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए इस गांजे की बाजार में कीमत करीब 70 लाख रुपए बताई जा रही है।

कैसे हुई कार्रवाई?
मिली जानकारी के मुताबिक, STF को शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे एक गुप्त सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में गांजा एक कंटेनर में छिपाकर ले जाया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर STF की टीम ने कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में हाईवे पर चेकिंग शुरू की। टीम में एसआई अमित तिवारी, एसआई विद्यासागर उर्फ पहलवान, दीवान अमित सिंह, दीवान स्वरूप पांडेय और चालक सुखबीर शामिल थे। जब एक संदिग्ध कंटेनर को रोका गया और उसकी तलाशी ली गई, तो उसमें शादी के कार्ड बनाने वाले 22 पेपर रोल के बीच 13 पैकेट गांजा छिपा मिला।

कहां से और कहां ले जाया जा रहा था गांजा?
पूछताछ में पता चला कि गांजा उड़ीसा से लाया गया था और इसे उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में सप्लाई किया जाना था।

गिरफ्तार हुए 3 तस्कर
STF ने मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। जिनमें नोमान (34) – पलवल, हरियाणा, अकरम खान (27) – भरतपुर, राजस्थान, रवि मिश्रा (25) – गोंडा, उत्तर प्रदेश। इन तस्करों ने बताया कि उन्हें गांजा ढोने का काम केवल पैसे के लिए दिया गया था। उन्हें प्रति किलो के हिसाब से 800 रुपए भाड़ा मिल रहा था और 5 क्विंटल गांजे के लिए उन्हें 4 लाख रुपए एडवांस भी मिल चुके थे।

अब क्या हो रहा है?
देहात कोतवाली प्रभारी अखंडदेव मिश्र ने बताया कि STF की ओर से दी गई तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और तस्करों को जल्द ही जेल भेजा जाएगा। इसके साथ ही STF यह पता लगाने में जुटी है कि इस गांजा तस्करी के पीछे कौन-कौन से बड़े नेटवर्क शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button