नोएडा की केमिकल कंपनी में भीषण आग, पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियां

नोएडा की एक केमिकल कंपनी में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में ज्वलनशील पदार्थ होने की वजह से थोड़ी ही देर में आग ने भीषण रुप ले लिया। घटना नोएडा के थाना फेज-1 के सेक्टर-2 में हुई। यह आग शाम पेंट्स इंडस्ट्रीज नामक निजी कंपनी में लगी।
मौके पर पहुंची पुलिस
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कुल 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, जिनमें शुरुआती तौर पर 7 गाड़ियां आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गईं। इसके साथ ही नोएडा पुलिस की टीमें और थाना फेज-1 का स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर मौजूद है।

अबतक जनहानि की कोई सूचना नहीं
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले फैक्ट्री के पीछे वाले हिस्से में लगी और देखते ही देखते पूरे परिसर में फैल गई। अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि कंपनी के अंदर रखे गए केमिकल्स और ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने में समय लग सकता है। दमकल विभाग की टीमें स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में लाने तक ऑपरेशन जारी रखेंगी।




