uttar pradesh

मुरादनगर थाने के सामने हत्या करने वाले का एनकाउंटर, 25 हजार का इनामी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में कुछ समय पहले दो युवकों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हैरान करने वाली बात ये थी कि ये हत्या मुरादनगर थाने के सामने हुई थी। अब इस मामले में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। इस मामले के आरोपी अजय को पुलिस ने रविवार को देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मालूम हो कि पुलिस ने इस आरोपी को पकड़ने के लिए 25000 रुपये का इनाम घोषित किया था। मुठभेड़ के दौरान आरोपी अजय के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। इससे पहले पुलिस ने इस मामले में 3 दिन पहले ही मुख्य आरोपी मोंटी को भी मुठभेड़ में गोली मार कर गिरफ्तार किया था।

थाने के सामने की थी गोली मारकर हत्या

बता दें कि गाजियाबाद जिले के मुरादनगर स्थित गांव मिल्क रावली निवासी रवि शर्मा का बुधवार रात कार हटाने को लेकर गांव के ही युवक मोंटी और अजय से विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी विवाद के बाद मोंटी और अजय ने रवि के घर के बाहर हंगामा और मारपीट कर दी। इस पर आरोपियों की शिकायत करने के लिए रवि मुरादनगर थाने जा रहा था। बताया गया है कि दूसरे पक्ष के युवक मोंटी और अजय भी थाने पहुंच गए। इसी दौरान आरोपियों ने रवि पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी फैल गई। फायरिंग में रवि की गोली लगने से मौत हो गई थी। मामले की जानकारी मिलने पर मृतक रवि के परिजन और काफी संख्या में ग्रामीण थाने पर एकत्र हो गए थे।

SO सहित तीन पुलिसकर्मी हुए थे सस्पेंड

अगली सुबह मृतक युवक के परिजन और काफी संख्या में ग्रामीण थाने पर एकत्र हो गए। इस दौरान लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को थाने के सामने रखकर हंगामा किया था और जाम लगा दिया थाहै। पुलिस अधिकारियों ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मुरादनगर थाने के SO शैलेन्द्र तोमर सहित तीन पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया था।

25000 का था इनामी, यहां हुई मुठभेड़

रविवार देर रात मुरादनगर थाना पुलिस और स्वाट टीम सलेमाबाद झाल पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध बाइक सवार युवक को रोकने का प्रयास किया। बाइक सवार ने बाइक रोकने के बजाय दौड़ा दिया, जिस पर पुलिस टीम ने आरोपी का पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूर जाने के बाद बाइक सवार की बाइक फिसल गई, जिस पर अपने को पुलिस टीम से घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में हत्यारोपी अजय गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने अजय पर 25000 रुपये का इनाम भी घोषित किया था। पुलिस ने आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button