Bihar

महागठबंधन की बैठक पर सियासत, BJP बोली- ‘एक अनार सौ बीमार’, VIP ने क्या कहा?

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर आज (गुरुवार) तेजस्वी यादव की अध्यक्षता में महागठबंधन की बैठक है. इस बैठक को लेकर प्रदेश में सियासत भी शुरू हो गई है. एक तरफ बीजेपी हमलावर है तो दूसरी ओर विपक्षी पार्टियां ने भी पलटवार किया है. चुनाव से पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष में जुबानी जंग तेज हो गई है.

बीजेपी के प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा का कहना है कि महागठबंधन में एक अनार सौ बीमार वाली स्थिति बनी हुई है. यहां एक-एक सीटों के लिए धक्का-मुक्की है. महागठबंधन की आज होने वाली बैठक में किसी नतीजे की उम्मीद नहीं की जा सकती है. खाओ-पियो और बैठक समाप्त करो, यही होने वाला है.

प्रभाकर ने कहा, “243 सीटों के लिए मारामारी की स्थिति बनी हुई है. इनके घटक दलों में जो सीटों के लिए घमासान मचा हुआ है वह 400 सीट भी पूर्ति नहीं कर पाएगी. इनमें सीटों के लिए वाम दलों में भिड़त की नौबत है जबकि इनका तो जनाधार भी नहीं है. 2020 के विधानसभा चुनाव में महागठबंधन में पांच दल थे.इस बार संख्या बढ़कर सात हो गई है.  आरजेडी और कांग्रेस की दावेदारी के आगे छोटे दल की क्या स्थिति होगी यह तो आने वाला समय ही बताएगा.”

‘कोई रोक लेगा क्या…’

बीजेपी के बयान पर विकासशील इंसान पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि समझदार को इशारा काफी है. तेजस्वी यादव तो 2020 में ही मुख्यमंत्री बन गए थे. इस बार तो साथ में ‘सन ऑफ मल्लाह’ मुकेश सहनी हैं. कोई रोक लेगा क्या? बीजेपी खाओ-पियो और बैठक समाप्त करो की बात जो कह रही है तो इस बार जनता किसे बैठाएगी ये पता चल जाएगा. एक-एक सीट के लिए धक्का-मुक्की नहीं… एक-एक सीट जीतने के लिए मिशन मोड पर काम हो रहा है.

दिलीप जायसवाल ने भी कसा तंज

उधर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के आवास पर आज होने वाली महागठबंधन की बैठक पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने तंज कसते हुए कहा, “महागठबंधन की पिछली सभी बैठकों में आरजेडी और कांग्रेस के बीच यह प्रतिस्पर्धा देखी गई कि किसका पलड़ा भारी हो, इसलिए इस बैठक से भी कोई रिजल्ट नहीं निकलना है. यह महज दिखावे के लिए बैठक करते हैं.”

बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, “यह गठबंधन नहीं है, यह ठगबंधन है और हमने बार-बार देखा है कि यह विफल रहा है. ये लोग केवल राजनीतिक लाभ के लिए एक साथ आते हैं, लेकिन जब फायदा न हो तो एक दूसरे के खिलाफ खड़े हो जाते हैं.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button