बिहार में दुष्कर्म पीड़िता की मौत पर सियासी बवाल, जन सुराज ने स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय से मांगा इस्तीफा

जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने सोमवार को बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय से दुष्कर्म पीड़िता के इलाज में हुई देरी और लापरवाही के कारण उसकी मौत पर उनसे तत्काल इस्तीफा देने की मांग की है।

भारती ने सोमवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मुजफ्फरपुर में हुई दलित नाबालिग बच्ची के साथ बलात्कार की घटना बेहद शर्मनाक है और उसके बाद पटना चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (PMCH) की लापरवाही बिहार में बढ़ती अराजकता और सरकार की असंवेदनशीलता को दर्शाती है। पहले बच्ची के साथ दुष्कर्म होता है, जिससे पता चलता है कि सरकार का राज्य की कानून व्यवस्था पर कोई नियंत्रण नहीं है और फिर समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण बच्ची की मौत हो जाती है, जिससे स्वास्थ्य विभाग की हकीकत जनता के सामने आ गई है। सबसे आश्चर्य की बात यह है कि बच्ची जब पीएमसीएच पटना पहुंचती है तो उसे करीब चार घंटे तक एंबुलेंस में ही रखा जाता है, उसे अस्पताल में बेड उपलब्ध नहीं कराया जाता है।

“बेहद शर्मनाक घटना के लिए जवाबदेही तय की जाए”
जनसुराज प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से सवाल किया कि मुजफ्फरपुर स्थित श्रीकृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (SKMCH) में आवश्यक उपकरण क्यों उपलब्ध नहीं थे और यदि उपलब्ध नहीं थे, तो पटना पीएमसीएच से क्यों नहीं मंगाए गए? और इन दो प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों के बीच समन्वय की कमी क्यों है। उन्होंने कहा कि इस बेहद शर्मनाक घटना के लिए जवाबदेही तय की जाए और स्वास्थ्य विभाग की असंवेदनशीलता और लापरवाही की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पांडेय को तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।



