uttar pradesh

95 लाख के लिए भाई को मौत के घाट उतार दिया! फिर खेला सड़क हादसे का ड्रामा… असलियत जान सन्न रह गई पुलिस

संभल जिले के बहजोई थानाक्षेत्र में एक व्यक्ति ने कथित रूप से 95 लाख रुपए की बीमा राशि हड़पने के लिए अपने ही भाई की हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार इस मामले में आरोपी भाई समेत 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। संभल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कृष्ण कुमार ने पत्रकारों को बताया कि संजय (50) की 20 जून, 2024 को बहजोई थाना क्षेत्र में मौत हुई थी जिसकी जांच करने पर यह पता चला कि उसके भाई नवीन ने ई-रिक्शा से गिराकर उसे मार डालने की साजिश रची थी। उन्होंने बताया कि कथित हत्या के 17 दिन बाद, 6 जुलाई, 2024 को नवीन ने बहजोई थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई और झूठा दावा किया कि उसके भाई की मौत सड़क दुर्घटना के कारण हुई है।

बीमा कंपनी के अलर्ट ने खोला मर्डर मिस्ट्री का राज
पुलिस अधीक्षक के अनुसार शुरुआत में, स्पष्ट सबूतों के अभाव में पुलिस ने 14 सितंबर, 2024 को मामले में अंतिम रिपोर्ट (एफआर) दाखिल की, जिससे यह मामला प्रभावी रूप से बंद हो गया। हालांकि, एक बीमा कंपनी से मिली सूचना के बाद मामले को फिर से खोला गया। कुमार ने बताया कि पुलिस को एक संदिग्ध बीमा दावे के बारे में बीमा कंपनी से सूचना मिली। कंपनी ने एक ऐसे मामले को चिह्नित किया, जिसमें पर्याप्त दावा मांगा जा रहा था। कंपनी ने गहन पुलिस जांच का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि मामले की फिर से जांच करने पर, पुलिस को संजय के भाई नवीन द्वारा रची गई साजिश का पता चला।

95 लाख की पॉलिसी, 20 लाख खाते में – 2 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जांच से पता चला कि नवीन ने कथित तौर पर अपने भाई संजय के नाम पर कई जीवन बीमा पॉलिसियां ली थीं, जिनकी कुल राशि 95 लाख रुपये थी। उनमें से 20 लाख रुपये संजय की मौत के बाद उसके (नवीन के) खाते में जमा हो गए थे। कुमार ने हत्या और बीमा धोखाधड़ी के संबंध में 2 व्यक्तियों– नवीन और एक अन्य आरोपी अखिलेश की गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि विधिक प्रक्रिया पूरी कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button