राजनीति

अलका तिवारी बनीं झारखंड की नई मुख्य सचिव, राजस्व पर्षद की सदस्य के रूप में थीं पदस्थापित

अलका तिवारी झारखंड में राजस्व पर्षद की सदस्य के रूप में पदस्थापित थीं और उनका तबादला कर उन्हें राज्य का नया मुख्य सचिव बनाया गया।

भारतीय प्रशासनिक सेवा की वरिष्ठ अधिकारी अलका तिवारी झारखंड की नई मुख्य सचिव बनी हैं। अलका तिवारी झारखंड में राजस्व पर्षद की सदस्य के रूप में पदस्थापित थीं और उनका तबादला कर उन्हें राज्य का नया मुख्य सचिव बनाया गया। राज्य सरकार ने एक अधिसूचना जारी कर तिवारी को मुख्य सचिव नियुक्त करने की घोषणा की। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार और राजभाषा विभाग की एक अधिसूचना में कहा गया है, ‘‘नियुक्ति के प्रस्ताव को भारत के निर्वाचन आयोग द्वारा मंजूरी दे दी गई है।’’

गौरतलब हो कि वर्ष 1988 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी तिवारी वर्तमान में अपने कैडर की सबसे वरिष्ठ अधिकारी हैं। अलका तिवारी ने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है, जिसमें केंद्रीय रसायन और उर्वरक मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव और वित्तीय सलाहकार के रूप में उनकी भूमिका प्रमुख है। उन्होंने जनजाति आयोग के सचिव के रूप में भी कार्य किया। इसके अलावा, गुमला और लोहरदगा के जिलों में जिला कलेक्टर के पद पर कार्यरत रहीं।

बता दें कि अलका तिवारी मेरठ विश्वविद्यालय से मनोविज्ञान में स्नातकोत्तर हैं और उन्हें टॉपर होने के लिए राज्यपाल का स्वर्ण पदक मिला है। उन्होंने मैनचेस्टर विश्वविद्यालय, यू.के. के सिविल और स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग विभाग से एम.एससी. किया, ‘विकास परियोजनाओं के प्रबंधन और कार्यान्वयन’ में पाठ्यक्रम में शीर्ष स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक प्राप्त किया।

ज्ञात हो कि अलका तिवारी के पति, डॉ. डी.के. तिवारी, भी एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं और झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव रह चुके हैं। वर्तमान में, वे राज्य चुनाव आयुक्त के पद पर कार्यरत हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button