‘खटाखट स्कीम’ वाले फिर निकल गए पिकनिक मनाने, CM योगी ने सपा और कांग्रेस पर साधा निशाना
UPSSC से चयनित हजारों कैंडिडेट्स को नियुक्ति पत्र बांटने के दौरान सीएम योगी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान अप्रैल-मई के महीने में आपने ‘खटाखट स्कीम’ के बारे में सुना होगा। लोगों से एक-एक लाख रुपए के बॉन्ड भरवाए गए थे।

UPSSC से चयनित हजारों कैंडिडेट्स को नियुक्ति पत्र बांटने के दौरान सीएम योगी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान अप्रैल-मई के महीने में आपने ‘खटाखट स्कीम’ के बारे में सुना होगा। लोगों से एक-एक लाख रुपए के बॉन्ड भरवाए गए थे। हर महीने 8,500 रुपए भेजने का वायदा किया गया था। लेकिन, ‘खटाखट स्कीम’ वालों का देश में अता-पता नहीं है। ‘खटाखट’ वाले लोग चुनाव खत्म होते ही फिर से पिकनिक मनाने के लिए निकल गए हैं। जब चुनाव का मौसम आएगा तो ‘खटाखट’ वाले लोग समाज को विभाजित करने और अराजकता फैलाने के लिए फिर आ जाएंगे।
योगी ने बताया कि ओबीसी, एससी और एसटी के प्रतिशत को जोड़ लिया जाए तो डबल इंजन सरकार में 60 प्रतिशत से ज्यादा अभ्यर्थियों का चयन उत्तर प्रदेश लोक सेवा चयन आयोग के माध्यम से हुआ है। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से पूर्ववर्ती सरकार (वर्ष 2012 से 2017) के बीच कुल 19,312 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था। जबकि, वर्ष 2017 से 2024 के बीच डबल इंजन सरकार में 42,409 से अधिक युवाओं को चयन प्रक्रिया से जोड़ा गया है। हमारी सरकार में संविधान द्वारा निर्धारित आरक्षण की पूरी व्यवस्था का पालन करते हुए उन्हें नियुक्ति पत्र दिया गया है। आज यह सभी युवा प्रदेश के विकास में अपना योगदान दे रहे हैं।

सीएम योगी ने कहा कि आज प्रदेश में पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। डबल इंजन सरकार में अगर किसी ने प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया तो ऐसी सजा देंगे, जो देश और दुनिया के सामने नजीर बनेगी। जिन लोगों के पास कोई कार्य नहीं है, वह अफवाह फैलाकर युवाओं को गुमराह कर रहे हैं।




