अपर जिलाधिकारी नगर ने की कांवड यात्रा शिविर संचालको के साथ बैठक
बिना अनुमति न लगे कोई भी शिविर, प्रशासन द्वारा दी गयी शर्तों के अधीन ही लगाये जाये शिविर-अपर जिलाधिकारी नगर

मेरठ। आगामी कांवड यात्रा के दृष्टिगत आज अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह द्वारा चौ0 चरण सिंह विश्वविद्यालय स्थित बृहस्पति भवन में कांवड यात्रा शिविर संचालको के साथ बैठक आहूत की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर ने कहा कि समस्त शिविर संचालक यह सुनिश्चित करें कि बिना अनुमति कोई भी शिविर नहीं लगे तथा प्रशासन द्वारा दी गयी शर्तों के अधीन ही शिविर लगाया जाये।

उन्होने कहा कि शिविर में साफ-सफाई, पेयजल आदि व्यवस्थाओ का ध्यान रखा जाये। शिविर को पूरी तरह से प्लास्टिक फ्री बनाया जाये तथा शिविर के बाहर सडक पर वाहन खडे न किये जाये। शिविर ट्रांसफार्मर के निकट तथा हाईटेंशन लाइन के नीचे न हो। शिविर में विद्युत सुरक्षा के मानको का ध्यान रखा जाये। रसोई के निकट कोई अनजान व्यक्ति न हो यह भी सुनिश्चित कर लिया जाये। शिविर के आसपास झाडियो की साफ-सफाई कर दी जाये। उन्होने खाद्य सुरक्षा टीम को कांवड यात्रा के दौरान सक्रिय रहने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि हरिद्वार से दिल्ली की तरफ आने पर शिविर बाई तरफ ही लगाये जाये।

अपर जिलाधिकारी नगर द्वारा सभी शिविर संचालको से कहा गया कि शिविर लगाने हेतु आवेदन जमा कराये जिससे कि ससमय अनुमति प्रदान की जा सके। उन्होने कहा कि पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के दिशा-निर्देशो का अनुपालन सुनिश्चित किया जाये।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने शिविर संचालको से कहा कि एनएच पर रोड से 20 फीट छोडकर शिविर बनाये तथा डिवाइडर पर कांवड स्टैंड न बनाया जाये। शिविर में अग्निशमन यंत्र, बालू तथा सीसीटीवी कैमरे का प्रबंध किया जाये।
बैठक में शिविर संचालको द्वारा अस्थायी विद्युत कनेक्शन, अनुमति फार्म की रिसीविंग, वाहन परमिशन, शौचालय की व्यवस्था, शिविर के करीब नालो की साफ-सफाई, पानी टैंकर की व्यवस्था, खराब स्ट्रीट लाईट, खुले व लटके तारो को दुरूस्त कराने आदि समस्याओ/मांगो से अपर जिलाधिकारी नगर को अवगत कराया गया जिस पर अपर जिलाधिकारी नगर द्वारा संबंधित अधिकारियो को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सूर्य कान्त त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट अनिल कुमार, एसडीएम सरधना पंकज प्रकाश राठौर, जिला विकास अधिकारी अम्बरीष कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी रेनू श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारीगण, शिविर संचालक उपस्थित रहे।

