uttar pradesh
अयोध्या राम मंदिर में गोली लगने से एक जवान की मौत
साथी सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे तो देखा कि जवान को गोली लगी है। उसे हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने जवान को मृत घोषित कर दिया।

अयोध्या के राम मंदिर में एक जवान की गोली लगने से मौत हो गई। घटना बुधवार सुबह 5.25 बजे की है। पुलिस के मुताबिक, राम मंदिर परिसर में सुबह गोली चलने की आवाज आई। साथी सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे तो देखा कि जवान को गोली लगी है। उसे हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने जवान को मृत घोषित कर दिया।

जवान की मौत की सूचना पर आईजी और एसएसपी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। शुरुआती जांच में पुलिस का मानना है कि यह आत्महत्या या हादसा हो सकता है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही गोली चलने की वजह स्पष्ट होगी।
जवान का नाम शत्रुघ्न विश्वकर्मा है। वह 2019 बैच का था। अंबेडकरनगर के थाना सम्मनपुर के गांव कजपुरा का रहने वाला था। साथियों के मुताबिक बताया कि घटना से पहले शत्रुघ्न मोबाइल देख रहा था। वह कुछ दिनों से परेशान चल रहा था। पुलिस ने जवान के परिवार को सूचना दे दी है। परिजन मौके पर पहुंच गए हैं।
अयोध्या राम मंदिर परिसर में किसी सुरक्षा कर्मी को गोली लगने का यह दूसरा मामला है। इससे पहले मार्च में भी एक PAC प्लाटून कमांडर राम प्रसाद की संदिग्ध हालात में गोली लगने से मौत हो गई थी। वह अमेठी का रहने वाला था।



