uttar pradesh

‘हर घर तिरंगा’ सिर्फ अभियान नहीं, सेनानियों-सैनिकों के प्रति कृतज्ञता: योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को 79वें स्वतंत्रता दिवस से पहले राज्य की राजधानी में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की और इसे राष्ट्रीय गौरव तथा स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिकारियों और सैनिकों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक बताया। स्वतंत्रता दिवस से दो दिन पहले कालिदास मार्ग पर आयोजित इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित राज्य के कई गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।

जनसमूह को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देशभक्ति के संदेश को घर-घर पहुँचाने के आह्वान के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा देश आज़ादी के 78 वर्ष पूरे कर रहा है और अमृत काल में प्रवेश कर चुका है। प्रत्येक भारतीय को संविधान, राष्ट्रीय प्रतीकों, महान क्रांतिकारियों और विभूतियों के प्रति सम्मान और समर्पण का भाव रखना चाहिए। पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री के आह्वान पर, राष्ट्रवाद की यह भावना घर-घर पहुंच रही है और हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से हम इसे फलते-फूलते देख रहे हैं।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक मार्च नहीं है, बल्कि भारत माता, महान नेताओं, क्रांतिकारियों और वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता की अभिव्यक्ति भी है। उन्होंने कहा, ‘‘स्वतंत्रता दिवस समारोह के साथ हर गाँव, कस्बे और ज़िले में यह यात्रा सभी के लिए एक मिसाल कायम कर रही है।’’ लोगों से उत्साहपूर्वक इसमें भाग लेने का आग्रह करते हुए आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘देश और हमारे सैनिकों के प्रति हमारे गौरव और सम्मान के प्रतीक के रूप में हर भारतीय घर में तिरंगा फहराया जाना चाहिए।

 

दुनिया ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भारतीय सेना की वीरता देखी है और आज, जब दुनिया भारत की ताकत से चकित है, तो यह हमारी ज़िम्मेदारी है कि हम स्वार्थ से ऊपर उठकर और राष्ट्र के लिए खुद को समर्पित करके देश के सम्मान को बनाए रखें।’’ उन्होंने कहा कि इस अवसर का उपयोग उन ताकतों को बेनकाब करने के लिए भी किया जाना चाहिए जो जाति, क्षेत्र, धर्म, या अन्य आधारों पर समाज को बांटने की कोशिश करती हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button