हमीरपुर: बसपा नेता के रोटवीलर डॉग ने मासूम बच्चे पर हमला किया, हाथ और सीने में गंभीर चोटें

हमीरपुर के सुमेरपुर थाना क्षेत्र में रविवार रात एक बच्चा डॉग के हमले का शिकार हो गया। 11 साल के अंश पर बसपा नेता के रोटवीलर कुत्ते ने हमला किया और उसे हाथ और सीने में गंभीर चोटें लगीं।

बताया गया है कि अंश घर से लगभग 50 मीटर दूर बसपा नेता शिवम जनार्दन के घर दोस्तों के साथ खेल रहा था। बच्चे ने दो घंटे तक छत पर खेला और जैसे ही वह सीढ़ियों से उतर रहा था, तभी कुत्ते ने उस पर हमला किया। बच्चे की चीख सुनकर बसपा नेता और उनके घरवाले तुरंत पहुंचे और किसी तरह उसे बचाया।

गंभीर रूप से घायल बच्चे को तुरंत सुमेरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बाद में उसे दिल्ली के AIIMS में स्थानांतरित किया गया। पीड़ित पिता राजेंद्र कुमार गौतम ने पुलिस को तहरीर दी है और बताया कि शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने कहा कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
डॉ. रोहित भाटी ने कहा कि जानवर के काटने को कभी भी हल्के में नहीं लेना चाहिए। रैबीज एक गंभीर बीमारी है, जो कुत्ते या अन्य जानवर के काटने या खरोंच से फैल सकती है। समय पर एंटी रैबीज इंजेक्शन न लगवाने पर यह शरीर में फैलकर गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न कर सकता है।



