देश

हमारी शुगर मिलें अब चीनी के साथ ग्रीन ईंधन का भी बन रहीं श्रोत : योगी आदित्यनाथ

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चीनी उद्योग की 120 वर्षों की यात्रा नए भविष्य की ओर अग्रसर हो रही है। हमारी चीनी मिलें केवल चीनी ही नही उगलेंगी, अब ग्रीन ईंधन का स्रोत बनने जा रही हैं।

चीनी उद्योग के 120 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश की पहली चीनी मिल 120 वर्ष पहले गोरखपुर मंडल के देवरिया में लगी थी। आज सबसे ज्यादा चीनी मिलें उत्तर प्रदेश में हैं। सबसे ज्यादा उत्पादन इसी प्रदेश में है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज सबसे ज्यादा एथेनॉल उत्पादन करने वाला राज्य है। इसी को देखते हुए आज टोयटा ने अपनी एथेनॉल युक्त कार लॉन्च की। इसका एवरेज बैकअप बेहतरीन है। उत्तर प्रदेश अकेला राज्य है जिसने कोरोना संकट में हर जनपद में ऑक्सीजन प्लांट लगाए। आज उत्तर प्रदेश में 550 से अधिक ऑक्सीजन प्लांट क्रियाशील हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गन्ने की पर्चियों में शिकायतें खत्म हो गयी हैं। स्वयंसेवी महिला समूहों की महिलाएं आज स्वावलंबी हुई हैं। चीनी मिल नहीं होती तो गन्ना किसान प्रदेश से खत्म हो गया होता। हमारी सरकार ने खांडसारी उद्योग के लिए लाइसेंस फ्री किया है। वर्तमान में प्रदेश में 84 डिस्टलरी प्लांट चल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चीनी उद्योग की इस शानदार यात्रा को आगे जारी रखने की आवश्यकता है। अब तो एथेनॉल भी इसमें जुड़ चुका है। मेरी अपील है कि अन्नदाता किसान के जीवन में उन्नति लाने का प्रयास करना होगा। आज प्रदेश की 100 चीनी मिलें ऐसी हैं जिनमें गन्ना मूल्य का भुगतान समयबद्ध तरीके से हो रहा है। बाकी बची 17,18 मिलों को भी ऐसे ही कार्य करना चाहिए।

अधिकारियों को नसीहत भी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपको अपने एटीट्यूड में बदलाव लाना होगा। अन्नदाता किसान खुश रहेगा तो प्रदेश उन्नति करेगा। किसानों की आय को दोगुनी करने के लिए प्रधानमंत्री के सिद्धांत को उत्तर प्रदेश ने अमल किया है। हमने पिछले छह वर्षों में गन्ना किसानों को एक लाख 97 हजार करोड़ रुपये गन्ना मूल्य का भुगतान किया है। यह एक रिकॉर्ड है।

मुख्यमंत्री ने गन्ना विभाग और चीनी मिल मालिकों से अपील करते हुए कहा कि जिस दिन गन्ने मूल्य का दो लाख करोड़ रुपया भुगतान हो, उस दिन आपको एक और समारोह करना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button