देश

सोनिया गांधी ने जानबूझकर संप्रभुता शब्द का किया प्रयोग, सख्त कार्रवाई करे चुनाव आयोग- भूपेंद्र यादव

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी पर जानबूझकर संप्रभुता शब्द का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से सोनिया गांधी और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

सोमवार को चुनाव आयोग से सोनिया गांधी और कांग्रेस की शिकायत करने के बाद मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि सोनिया गांधी ने जानबूझकर संप्रभुता शब्द का प्रयोग किया है और इसलिए भाजपा ने मॉडल कोड के तहत चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए गाइडलाइन का हवाला देते हुए आयोग से कांग्रेस और सोनिया गांधी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

यादव ने कहा कि कांग्रेस का घोषणापत्र टूकड़े-टूकड़े गैंग का एजेंडा है, भारत को कमजोर करने का एजेंडा है और कांग्रेस पार्टी झूठ की बुनियाद पर प्रचार कर रही है। भारत की एकता और अखंडता के लिए जिन शब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, उन शब्दों का इस्तेमाल करके प्रचार कर रही है।

उन्होंने कहा कि आज भी कांग्रेस अपने विज्ञापनों में जिस तरह का आरोप भाजपा पर लगा रही है उसका कोई सबूत कांग्रेस चुनाव आयोग को नहीं दे पाई है।

उन्होंने कांग्रेस की मानसिकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि कर्नाटक की जनता चुनाव में कांग्रेस को इसका करारा जवाब देगी और चुनाव आयोग ने भी उनके विषय को गंभीरता से लिया है और उन्हें भरोसा है कि चुनाव आयोग इस देश विरोधी कृत्य के मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगा।

केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र यादव के नेतृत्व में शिकायत करने के लिए चुनाव आयोग गए भाजपा नेताओं के इस प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग, पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी और पार्टी के इलेक्शन कमेटी के इंचार्ज ओम पाठक भी शामिल रहें।

आपको बता दें कि, इससे पहले रविवार को कर्नाटक में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोनिया गांधी के बयान को कर्नाटक को भारत से अलग करने वाला बयान करार देते हुए उनकी जमकर आलोचना की थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि इस चुनाव में अब कांग्रेस के शाही परिवार ने कहा है कि वो कर्नाटक की संप्रभुता की रक्षा करना चाहते हैं। कर्नाटक की संप्रभुता यानी जब कोई देश आजाद हो जाता है तो उसे संप्रभु राष्ट्र कहते हैं। मोदी ने आरोप लगाया था कि इसका मतलब है कि कांग्रेस खुलकर कर्नाटक को भारत से अलग करने की वकालत कर रही है। टुकड़े-टुकड़े गैंग की बीमारी कांग्रेस में इतनी ऊपर तक पहुंच जाएगी, उन्होंने कभी सोचा नहीं था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button