देश

सोनभद्र: प्यार में ‘शोले’ स्टाइल ड्रामा, पत्नी को लाने ससुराल पहुंचे युवक के साथ हुई मारपीट तो चढ़ गया टावर पर

सोनभद्र। जनपद के राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सहिजन गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्यार में विवाद के चलते एक युवक फिल्मी अंदाज में ऊंचे टेलीफोन टावर पर जा चढ़ा। युवक का यह हाई वोल्टेज ड्रामा देख ग्रामीणों के हाथ-पांव फूल गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घंटों चले इस हंगामे के बाद पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर युवक को नीचे उतारा।

प्रेम विवाह और मारपीट से शुरू हुआ विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चुर्क गांव निवासी नंदलाल का एक युवती के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक का दावा है कि वह उक्त युवती के साथ पूर्व में ही विवाह कर चुका है। हालांकि, युवती के परिजन इस रिश्ते को स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं। विवाद तब और बढ़ गया जब युवक अपनी कथित पत्नी को विदा कराकर घर लाने के लिए ससुराल पहुँचा। आरोप है कि वहां लड़की के परिजनों ने उसके साथ अभद्रता करते हुए जमकर मारपीट कर दी।

गार्ड को चकमा देकर टावर पर चढ़ा युवक

परिजनों द्वारा की गई मारपीट और बेइज्जती से आहत होकर नंदलाल पास ही स्थित टेलीफोन टावर की बाउंड्री फांदकर ऊपर चढ़ गया। टावर के गार्ड ने बताया कि जब यह घटना हुई तब वे नहाने गए थे और गेट पर ताला लगा था, लेकिन युवक दीवार फांदकर अंदर घुस गया और देखते ही देखते काफी ऊंचाई तक जा पहुँचा।

पुलिस ने सुरक्षित उतारा, जांच जारी

टावर पर युवक को देख ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुँची पुलिस और परिजनों ने काफी देर तक युवक को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। लंबी जद्दोजहद के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया, जिसके बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button